21 November, 2011

भगवती शांता परम (मर्यादा पुरुषोत्तम राम की सहोदरी )

(सर्ग -१ की पूरी कथा का सूत्र )

भगवती शांता परम (मर्यादा पुरुषोत्तम राम की सहोदरी)

 (सर्ग-२ भाग-१ की कथा का सूत्र)

भगवती शांता परम

सर्ग-2 भाग-3 
जन्म-कथा  
कौशल्या भयभीत हो, ताके संबल एक |
रक्षा होवे भ्रूण की,  दीखे शत्रु  अनेक ||

सारे देवी-देवता, चिंतित रही मनाय |
चार दिनों से अनमयस्क, बैठे मन्दिर जाय  ||

जीवमातृका  वन्दना, माता  के  सम पाल |
जीवमंदिरों को सुगढ़, करती सदा संभाल ||
http://upload.wikimedia.org/wikipedia/commons/6/61/Stone_sculpt_NMND_-20.JPG 
शिव और जीवमातृका
धनदा  नन्दा   मंगला,   मातु   कुमारी  रूप |
बिमला पद्मा वला सी, महिमा अमिट-अनूप ||


माता  करिए  तो  कृपा, कोई भी तो  एक |
 शत्रु-दृष्टि से बच रहे, बच्चा मेरा नेक ||

 संध्या को रनिवास में, रानी बैठी रोय |
उच्छवासें भरती रही, अँसुवन मुखड़ा धोय ||

दशरथ को दरबार में, हुई घरी भर देर |
कौशल्या ना दीखती, कमरे में अंधेर ||

तभी सुबकने की पड़ी, कानों में आवाज |
दासी को आवाज दे, पूँछें दशरथ राज ||

हुआ उजाला कक्ष में, मुखड़ा लिए मलीन |
रानी लेटी भूमि पर, अतिशय वह गमगीन ||

mashraqi-dulhan
राजा विह्वल हो गए, गए भूमि पर बैठ |
रानी को पुचकारते, होय प्रेम की पैठ ||

 बोलो रानी बेधड़क, खोलो मन के राज |
 कौन रुलाया है तुम्हें, किया कौन नाराज ?

मद्धिम स्वर फिर फूटता, हिचकी होती तेज |
अपने बच्चे को भला, कैसे रखूं सहेज ||

राजा सुनकर हर्ष से, रानी को लिपटाय |
कहते चिंता मत करो, करूं सटीक उपाय ||

अगली प्रात: वे गए, गुरु वशिष्ठ के पास |
थे सुमंत भी साथ में, मंत्री सबसे ख़ास ||

बनी योजना इस तरह, दुश्मन धोखा खाय ||
रानी के इस गर्भ को, राखे नजर बचाय ||

अगले दिन दरबार में, आया इक सन्देश |
कौशल्या की मातु को, पीड़ा स्वास्थ-कलेस ||

डोली सजकर हो गई, जल्दी ही तैयार |
छद्म वेश में सेविका, कौला थी हुशियार ||


वक्षस्थल पर झूलता, वही पुराना हार |
जिसको लेकर था भगा, सुग्गासुर अय्यार ||

सेना के संग हो विदा, डोली चलती जाय |
गिद्धराज ऊपर उड़े, पंखों को फैलाय ||

कौला अभिनय में निपुण, हार रही सहलाय | 
चतुर सहेली साथ में, देत दिलाशा जाय ||

WEDDING BRIDAL PALKI
अभिमंत्रित कर महल को, कौशल्या के पास |
कड़ी सुरक्षा में रखा, दास-दासियाँ ख़ास ||

खर-दूषण के गुप्तचर, छोड़े अपनी खोह |
डोली के पीछे लगे, लेने को तब टोह ||

छद्म-वेश में माइके, धर कौशल्या रूप |
रानी हित कौला करे, अभिनय सहज अनूप ||

वर्षा-ऋतु फिर आ गई, सरयू बड़ी अथाह |
अला-बला सब बह गयी, सुगम हो गई राह ||


देख सकें औलाद को, हुई बलवती चाह |
दशरथ  सबपर  रख  रहे, चौकस कड़ी निगाह ||



सात मास बीते मगर, गोद-भराई भूल |
कनक महल रक्षित रहा, रानी के अनुकूल ||

नवरात्रि के पर्व में, परजा में उल्लास |
कौशल्या कर न सकी, पर अबकी उपवास ||
शरद पूर्णिमा बीतती, अमृत वर्षा होय |
रानी आँगन में जमी, काया रही भिगोय ||

धीरे धीरे सर्दियाँ , रही धरा को घेर |
शीत लहर चलने लगी, यादें रही उकेर ||

पीड़ा झूठे प्रसव की, होंठ रखे  वो भींच |
रानी सिसकारी भरे, जान न पावे नींच ||
 
रानी हर दिन टहलती, करती  नित व्यायाम |
पौष्टिक भोजन खाय के, करे तनिक आराम ||
कोसलपुर में उस तरफ, दासी का वह खेल |
खर-दूषण का गुप्तचर, रहा व्यर्थ ही झेल ||

शुक्ल फाल्गुन पंचमी, मद्धिम बहे बयार |
सूर्यदेव सिर पर जमे, ईश्वर का आभार ||

पुत्री आई महल में, कौशल्या की गोद |
राज्य ख़ुशी से झूमता, छाये मंगल-मोद ||

एक पाख के बाद में, खबर पाय दश-शीस |
खर दूषण को डांटता, सुग्गा सुर पर रीस ||

कन्या के इस जन्म से, रावण पाता चैन |
चेतो क्षत्रपगण सभी, निकसे तीखे बैन || 

छठियारी में सब जमे, पावें सभी इनाम |
स्वर्ण हार कौला रखे, दासी का शुभ काम ||

देखभाल करने लगी, कौला बनती धाय |
छूते बाएं पैर को, कन्या पर अकुलाय ||

कौशल्या ने वैद्य को, इक दिन लिया बुलाय |
जांच परख के बाद में, लेकिन वो सकुचाय ||

एक पैर में दोष है, कन्या होय अपंग |
सुनकर कडुवे वचन को,  कौशल्या थी दंग ||

5 comments:

  1. वाह!!
    अद्भुत! बहुत अच्छा लगा यह प्रसंग भी।

    ReplyDelete
  2. काव्य कला की तो क्या कहूँ...प्रशंसा करुँगी तो पैबंद सा लगेगा...

    लेकिन एक बात का बड़ा ही आश्चर्य हुआ...श्री राम को बहिन भी थी...यह प्रसंग सर्वथा प्रथम बार सुना...

    ReplyDelete
  3. आपका श्रम सार्थक है !

    ReplyDelete
  4. बहुत ही रोचक प्रसंग चल रहा है …………अब आगे का इंतज़ार है।

    ReplyDelete
  5. बहुत ही रोचक प्रसंग था ..आभार

    ReplyDelete